जिला अभ्यास वर्ग में कार्यकर्ताओं को मिला संगठनात्मक दिशा-बोध, पांच सत्रों में हुई विस्तृत चर्चा
अमर बहादुर सिंह नगरा। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, गोरक्ष प्रांत जिला रसड़ा का एक दिवसीय जिला अभ्यास वर्ग रविवार को नगरा नगर इकाई स्थित तेजश पैलेस में आयोजित किया गया। अभ्यास वर्ग में जिले की पांचों नगर इकाइयों सिकंदरपुर, नगरा, बेल्थरा रोड, रसड़ा एवं चिलकहर से बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की।
कार्यक्रम में प्रवासी के रूप में प्रमुख रूप से राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य डॉ. ज्ञानेंद्र सिंह, विभाग प्रमुख डॉ. अनिल तिवारी, विभाग संगठन मंत्री रंजीत सिंह, विभाग संयोजक अनन्या शर्मा उपस्थित रहे। इसके अलावा रसड़ा जिला प्रमुख घनश्याम शरण सिंह, जिला संयोजक अतुल मिश्रा, नगरा नगर अध्यक्ष उदय नारायण पाण्डेय, सिकंदरपुर नगर अध्यक्ष विशाल सोनी सहित विभिन्न नगर इकाइयों के कार्यकर्ता मौजूद रहे।
अभ्यास वर्ग की शुरुआत परिषद गीत से हुई। इसके बाद मां सरस्वती एवं स्वामी विवेकानंद के चित्र पर माल्यार्पण, पुष्पांजलि एवं दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया। आगंतुक अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह देकर स्वागत और सम्मान किया गया।
एक दिवसीय अभ्यास वर्ग में कुल पांच सत्र आयोजित किए गए, जिनमें सैद्धांतिक भूमिका, सदस्यता एवं कार्यकारिणी पुनर्गठन, कार्यपद्धति, कार्यकर्ता विकास एवं समारोप प्रमुख रहे। इन सत्रों के माध्यम से कार्यकर्ताओं को संगठन की विचारधारा, कार्यशैली, दायित्वों एवं आगामी कार्ययोजना से विस्तारपूर्वक परिचित कराया गया।
वक्ताओं ने कहा कि सही विचारों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने से व्यक्ति और समाज पर सकारात्मक प्रभाव पड़ता है। संगठनात्मक कार्यों में पूर्व योजना को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा गया कि पूर्व योजना ही पूर्ण योजना का आधार होती है। उन्होंने विद्यार्थी परिषद की कार्यपद्धति और उसके उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि विद्यार्थी परिषद विद्यार्थियों के साथ-साथ समाज के हितों की चिंता करते हुए समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर कार्य करता है।
अभ्यास वर्ग में यह भी बताया गया कि विद्यार्थी परिषद शिक्षक एवं विद्यार्थी कार्यकर्ताओं के माध्यम से राष्ट्र के पुनर्निर्माण की दिशा में युवाओं को सही मार्गदर्शन देने का कार्य करता है। संगठन में किसी भी निर्णय से पहले वास्तविक परिस्थितियों से परिचित होना और उसके आधार पर निर्णय लेना कार्यपद्धति का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
कार्यक्रम में जिले के विभिन्न नगरों से आए कार्यकर्ताओं की सक्रिय सहभागिता रही।
























