पुलिस परिवारों के स्वास्थ्य की जांच के लिए पुलिस लाइन में लगा मेडिकल कैंप
होम्योपैथी व एलोपैथी विशेषज्ञ चिकित्सकों ने दी निशुल्क चिकित्सा सलाह, दवाओं का भी वितरण
बदायूं। पुलिस कर्मियों एवं उनके परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रविवार को रिजर्व पुलिस लाइन बदायूं में मेडिकल कैंप का आयोजन किया गया। वामा सारथी पुलिस वेलफेयर उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में आयोजित इस शिविर का आयोजन वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं वामा सारथी की अध्यक्षा सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन में किया गया।
मेडिकल कैंप में जिला होम्योपैथिक चिकित्सालय के चिकित्सक डॉ. अजीत सिंह गंगवार ने होम्योपैथी पद्धति से मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक परामर्श दिया। वहीं जिला अस्पताल के एलोपैथी विशेषज्ञ डॉ. शारिक हुसैन (फिजिशियन) तथा डॉ. रियाज (हड्डी विशेषज्ञ) ने पुलिस परिवार के बच्चों एवं महिलाओं सहित अन्य लोगों की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की जांच कर चिकित्सकीय परामर्श दिया।
शिविर में चिकित्सकों द्वारा विभिन्न बीमारियों का परीक्षण एवं निदान करते हुए मरीजों को निशुल्क चिकित्सा परामर्श और दवाइयां वितरित की गईं। इससे पुलिस कर्मियों और उनके परिजनों को स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के उपचार में काफी सुविधा मिली।
इसके साथ ही शिविर में लाल पैथ के सहयोग से कम दरों पर विभिन्न रक्त संबंधी जांच की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई। मेडिकल कैंप में पुलिस लाइन अस्पताल के फार्मासिस्ट संजीव कुमार तथा वार्ड बॉय केशव राम ने भी व्यवस्थाओं में सहयोग किया।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. ह्रदेश कठेरिया, प्रतिसार निरीक्षक इन्द्रजीत सिंह सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने मेडिकल कैंप की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए पुलिस परिवारों को स्वास्थ्य सुविधाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने के लिए प्रोत्साहित किया।
























