उसावां निवासी विवेक मोहन पाल को सपा में मिली बड़ी जिम्मेदारी
चार जनपदों की विधानसभाओं में संगठन मजबूत करने का मिला दायित्व
बदायूं। नगर पंचायत उसावां निवासी एवं समाजवादी पार्टी के सक्रिय नेता विवेक मोहन पाल को पार्टी संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के निर्देशानुसार उन्हें बरेली, बदायूं, पीलीभीत और शाहजहांपुर जनपदों की विभिन्न विधानसभाओं में संगठनात्मक कार्यों को मजबूत करने का दायित्व दिया गया है।
पार्टी की ओर से जारी पत्र के अनुसार विवेक मोहन पाल संबंधित विधानसभाओं में चौपाल एवं कैडर पंचायत आयोजित कर समाजवादी पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों से लोगों को जोड़ने का कार्य करेंगे। इसके अलावा सपा सरकार के कार्यकाल में किए गए विकास एवं जनकल्याणकारी कार्यों की जानकारी भी जनता तक पहुंचाई जाएगी।
उन्हें क्षेत्र भ्रमण के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं से सुझाव एवं उनकी अपेक्षाएं प्राप्त कर पार्टी नेतृत्व तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही विधानसभावार कार्यक्रम तैयार कर सपा के लखनऊ स्थित पार्टी कार्यालय के साथ संबंधित जिलाध्यक्ष एवं महानगर अध्यक्षों को उपलब्ध कराने को कहा गया है।
विवेक मोहन पाल को मिली इस जिम्मेदारी से स्थानीय समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। कार्यकर्ताओं का कहना है कि उनके संगठनात्मक अनुभव और सक्रियता से चारों जनपदों में पार्टी के संगठन को मजबूती मिलेगी। पार्टी नेतृत्व को भी उम्मीद है कि उनके प्रयासों से जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं और जनता के बीच संवाद और अधिक प्रभावी होगा।
























