भदोही।कुत्ते को बचाने में अनियंत्रित हुई बाइक, रक्षाबंधन पर भाई को राखी बांधकर लौट रही बहन की मौत

कुत्ते को बचाने में अनियंत्रित हुई बाइक, रक्षाबंधन पर भाई को राखी बांधकर लौट रही बहन की मौत

शरद बिंद | भदोही

रक्षाबंधन पर भाई को राखी बांधकर ससुराल लौट रही महिला की सड़क हादसे में मौत हो गई। दुर्गागंज थाना क्षेत्र के गौरा गांव के पास रविवार को एनएच-731बी पर अचानक कुत्ता सामने आने से बाइक अनियंत्रित हो गई। हादसे में बाइक पर पीछे बैठी महिला सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई। अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

जानकारी के मुताबिक, सुरियावां थाना क्षेत्र के कंतिरामपुर गांव निवासी राजकुमार अपनी बहन निर्मला देवी को सरायममरेज थाना क्षेत्र के भुषलपुर स्थित उसकी ससुराल छोड़ने जा रहा था। गौरा गांव के पास एनएच-731बी पर अचानक एक कुत्ता बाइक के सामने आ गया। उसे बचाने के प्रयास में राजकुमार बाइक पर नियंत्रण खो बैठा। बाइक अनियंत्रित होने से पीछे बैठी निर्मला देवी सड़क पर गिर गईं और गंभीर रूप से घायल हो गईं।

हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से घायल निर्मला देवी को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवानीपुर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

महिला की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। रक्षाबंधन के दिन भाई को राखी बांधने के बाद ससुराल लौट रही बहन की मौत से त्योहार की खुशियां मातम में बदल गईं।

सूचना पर पहुंची दुर्गागंज पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *