श्रद्धा और सेवाभाव से कांवड़ यात्रियों का बदायूं पुलिस ने किया स्वागत
बदायूं। श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा-2026 को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुगम बनाने के लिए बदायूं पुलिस लगातार श्रद्धालुओं की सेवा और सुरक्षा में जुटी हुई है। रविवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूं के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक नगर ने थाना सिविल लाइन क्षेत्र में भंडारे का आयोजन कर शिवभक्तों एवं कांवड़ यात्रियों का आत्मीय स्वागत किया।
भंडारे के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने कांवड़ लेकर गुजर रहे श्रद्धालुओं से संवाद कर उनका हालचाल जाना और यात्रा से संबंधित जानकारी ली। पुलिसकर्मियों ने श्रद्धालुओं को प्रसाद परोसते हुए उनकी मंगलमय, सुखद एवं सुरक्षित यात्रा की कामना की। बड़ी संख्या में कांवड़ यात्रियों एवं श्रद्धालुओं ने भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया।
पुलिस प्रशासन की ओर से कांवड़ यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पेयजल, भोजन, प्रसाद समेत अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की गईं। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने श्रद्धालुओं के प्रति आत्मीयता और सेवाभाव का परिचय देते हुए यात्रा को सुगम एवं सुरक्षित बनाने में सहयोग किया।
बदायूं पुलिस का कहना है कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सम्मान एवं सेवा सर्वोच्च प्राथमिकता है। यात्रा को शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित संपन्न कराने के लिए पुलिस पूरी तत्परता से ड्यूटी कर रही है।
























