बदायूँ।किसान दिवस में सीडीओ ने सुनी कृषकों की समस्याएं

किसान दिवस में सीडीओ ने सुनी कृषकों की समस्याएं

बदायूँ। मुख्य विकास अधिकारी गामिनी सिंगला की अध्यक्षता में बुधवार को विकास भवन सभागार में किसान दिवस का आयोजन कृषि, बैंक, ऊर्जा, पशुपालन, सिंचाई, मत्स्य, नलकूप, गन्ना एवं उद्यान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों तथा जनपद के कृषकों की मौजूदगी में हुआ।

किसान दिवस का शुभारंभ उप कृषि निदेशक मनोज कुमार ने कृषकों एवं अधिकारियों का स्वागत करते हुए किया। उन्होंने किसानों को फार्मर रजिस्ट्री कार्यक्रम की जानकारी देते हुए सभी कृषकों से फार्मर रजिस्ट्री कराने की अपील की। साथ ही फसल बीमा योजना की जानकारी देते हुए बताया कि ऋणी कृषक अपने सक्रिय किसान क्रेडिट कार्ड के माध्यम से 31 अगस्त 2026 तक धान, मक्का, बाजरा, उड़द एवं तिल की फसलों का बीमा करा सकते हैं। जो किसान फसल बीमा नहीं कराना चाहते, वे अंतिम तिथि से सात दिन पूर्व संबंधित बैंक शाखा में लिखित रूप से इसकी सूचना दे सकते हैं। प्राकृतिक आपदा से फसल क्षति होने की स्थिति में बीमा कंपनी द्वारा नियमानुसार क्षतिपूर्ति की जाएगी।

जिला कृषि अधिकारी ने कृषकों को बीज बुकिंग एवं वितरण के संबंध में जानकारी उपलब्ध कराई। किसान झांझन सिंह ने मक्का बिक्री से संबंधित समस्या रखी, जिस पर जिला खाद्य विपणन विभाग के निरीक्षक ने समस्या के समाधान का आश्वासन दिया।

किसान रामाशंकर शंखधार ने विद्युत नलकूप कनेक्शन के लिए किसानों को पूरा सामान उपलब्ध न होने, घरेलू विद्युत कनेक्शन का भार सही कराने तथा चेकिंग मीटर लगवाने से संबंधित समस्याएं रखीं। इस पर अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड प्रथम द्वारा किसानों को आवश्यक जानकारी दी गई। किसान जसवीर यादव ने आवारा गोवंश को गोशाला में संरक्षित किए जाने की मांग रखी, जिस पर मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने समस्या के समाधान का आश्वासन दिया।

किसान नरव्रेश सिंह ने सरकारी नलकूप संख्या-40 की गूलों को कब्जामुक्त कराए जाने के बाद पुनः अवैध कब्जा किए जाने की शिकायत रखी। मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारी को गूलों को कब्जामुक्त कराने के निर्देश दिए।

मुख्य विकास अधिकारी ने किसान दिवस में प्राप्त सभी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान जिला प्रशासन की प्राथमिकता है।

अंत में उप कृषि निदेशक ने किसान दिवस में उपस्थित अधिकारियों एवं किसान बंधुओं का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम के समापन की घोषणा की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *