उमाशंकर सिंह की श्रद्धांजलि सभा में नगरा विकास खंड के डवाकरा हाल में उमड़ा जनसैलाब उमाशंकर सिंह को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि
संजीव सिंह नगरा (बलिया)। विकास खंड नगरा स्थित डवाकरा हाल में रविवार दोपहर रसड़ा विधानसभा क्षेत्र के जन नेता गरीबों के मसीहा पूर्व विधायक स्वर्गीय उमाशंकर सिंह की स्मृति में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। सभा की अध्यक्षता पूर्व ब्लॉक प्रमुख नगरा अनिल सिंह ने की। इस दौरान जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, राजनीतिक दलों के नेताओं, पत्रकारों तथा क्षेत्रवासियों ने दिवंगत नेता के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
कार्यक्रम में खंड विकास अधिकारी शिवांकित वर्मा, नगर पंचायत के सर्वदलीय नेतागण, सभासद, स्थानीय भाजपा नेता, निवर्तमान ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य, अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में नगर और ग्रामवासी उपस्थित रहे। सभी लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
वक्ताओं ने कहा कि उमाशंकर सिंह का सरल व्यक्तित्व, जनसेवा के प्रति समर्पण और क्षेत्र के विकास में उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। उनके निधन से क्षेत्र और समाज को अपूरणीय क्षति हुई है। खंड विकास अधिकारी शिवांकित वर्मा ने भी उनके जनहितकारी कार्यों और सामाजिक योगदान को याद करते हुए शोक व्यक्त किया।
सभा में उपस्थित लोगों ने शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना प्रकट करते हुए इस दुख की घड़ी में उनके साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया। अंत में दिवंगत आत्मा की शांति के लिए सामूहिक रूप से ‘ॐ शांति, शांति, शांति’ का जाप किया गया।
























