सार्वजनिक शौचालयों में तोड़फोड़ पर नगर पंचायत सख्त, पुलिस से की कार्रवाई की मांग
उसावां (बदायूँ)। जनपद की नगर पंचायत उसावां क्षेत्र में स्थित सामुदायिक एवं सार्वजनिक शौचालयों को असामाजिक तत्वों द्वारा लगातार क्षतिग्रस्त किए जाने के मामले को नगर पंचायत प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। अधिशासी अधिकारी ने थाना प्रभारी को पत्र भेजकर सार्वजनिक संपत्तियों को नुकसान पहुंचाने वालों की पहचान कर उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई करने तथा शौचालयों पर नियमित पुलिस गश्त और निगरानी बढ़ाने की मांग की है।
नगर पंचायत द्वारा भेजे गए पत्र में कहा गया है कि नगर क्षेत्र के सभी सामुदायिक एवं सार्वजनिक शौचालयों में आमजन की सुविधा के लिए विद्युत व्यवस्था, जलापूर्ति, पाइपलाइन, प्रकाश व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इन व्यवस्थाओं का उद्देश्य नागरिकों को स्वच्छ एवं बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
पत्र के अनुसार, पिछले कुछ समय से कुछ अज्ञात असामाजिक तत्व जानबूझकर शौचालयों में लगी विद्युत सामग्री, पाइपलाइन, फिटिंग्स तथा अन्य उपकरणों को तोड़कर सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचा रहे हैं। इससे नगर पंचायत को आर्थिक क्षति होने के साथ-साथ आम लोगों को भी भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
नगर पंचायत प्रशासन ने पुलिस से मांग की है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए दोषियों की पहचान कर उनके विरुद्ध विधिक प्रावधानों के तहत कड़ी कार्रवाई की जाए। साथ ही नगर पंचायत क्षेत्र के सभी सामुदायिक एवं सार्वजनिक शौचालयों पर समय-समय पर पुलिस गश्त और निगरानी सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
नगर पंचायत का कहना है कि सार्वजनिक संपत्तियों की सुरक्षा प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। प्रशासन ने लोगों से भी अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति सार्वजनिक सुविधाओं को नुकसान पहुंचाता दिखाई दे तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस अथवा नगर पंचायत को दें, जिससे समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
























