बदायूँ।डीएम ने किया कछला गंगा घाट का निरीक्षण, कांवड़ यात्रा की तैयारियों का लिया जायजा

डीएम ने किया कछला गंगा घाट का निरीक्षण, कांवड़ यात्रा की तैयारियों का लिया जायजा

श्रद्धालुओं की सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल व यातायात व्यवस्था समय से पूरी करने के निर्देश

बदायूं। आगामी कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं सफल बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अवनीश राय ने सोमवार को कछला गंगा घाट का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कराने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि कांवड़ियों को यात्रा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें।

जिलाधिकारी ने कछला गंगा घाट के दोनों छोरों का निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाओं का स्थल पर ही आकलन किया। इसके साथ ही उन्होंने अधिकारियों के साथ बदायूं से कासगंज बॉर्डर तथा बरेली बॉर्डर तक कांवड़ मार्ग का भी निरीक्षण किया और आवश्यक सुधार कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने बताया कि श्रावण मास में 30 जुलाई 2026 से शुरू होने वाली कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। सभी संबंधित विभागों को समयबद्ध ढंग से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।

जिलाधिकारी ने जनपदवासियों एवं श्रद्धालुओं से अपील की कि यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा या आपात स्थिति में प्रशासन द्वारा जारी कंट्रोल रूम नंबरों का उपयोग करें तथा प्रशासन का सहयोग करते हुए सुरक्षित एवं व्यवस्थित कांवड़ यात्रा को सफल बनाने में अपनी सहभागिता निभाएं।

निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक एवं पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *