बदायूँ।13 वर्षीय किशोरी से दुष्कर्म का आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार

13 वर्षीय किशोरी से दुष्कर्म का आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार

फायरिंग में सिपाही घायल, जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में लगी गोली; तमंचा व कारतूस बरामद

बदायूँ। वजीरगंज थाना क्षेत्र में 13 वर्षीय किशोरी से दुष्कर्म के आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी की ओर से की गई फायरिंग में एक पुलिसकर्मी घायल हो गया, जबकि पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी। दोनों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के अनुसार, 18 जुलाई को पीड़िता के परिजनों की तहरीर पर वजीरगंज थाने में आरोपी परवेज पुत्र छुन्ने, निवासी मोहल्ला तकिया, कस्बा व थाना वजीरगंज के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया था।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया गया। पुलिस टीम ने आँवला रोड स्थित कुंवरगांव चौराहे के पास घेराबंदी की। पुलिस का दावा है कि इस दौरान आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी, जिसमें आरक्षी प्रवेन्द्र कुमार के बाएं हाथ में गोली लग गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

आरोपी के कब्जे से 315 बोर का एक तमंचा, एक खोखा कारतूस तथा दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। घायल पुलिसकर्मी और आरोपी का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। उपचार और आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी होने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तारी की कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक अश्वनी कुमार के नेतृत्व में वजीरगंज थाना पुलिस टीम द्वारा की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *