बलिया:श्रीनाथ बाबा हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर का भव्य उद्घाटन, नगरा को मिली आधुनिक चिकित्सा सुविधा

बलिया:श्रीनाथ बाबा हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर का भव्य उद्घाटन, नगरा को मिली आधुनिक चिकित्सा सुविधा

 संजीव सिंह बलिया (नगरा)। जनपद के स्वास्थ्य परिदृश्य में आज एक नया अध्याय जुड़ गया जब गड़वार रोड, नगरा पर श्रीनाथ बाबा हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर का भव्य उद्घाटन संपन्न हुआ। रसड़ा विधानसभा के लोकप्रिय विधायक उमाशंकर सिंह के सुपुत्र प्रिंस यूकेश सिंह तथा अनुज छात्र शक्ति इन्फ्रास्ट्रक्चर के प्रबंध निदेशक रमेश सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे और उन्होंने फीता काटकर अस्पताल का विधिवत उद्घाटन किया।

उद्घाटन समारोह में अस्पताल प्रबंध निदेशक संतोष कुमार सिंह, स्थानीय गणमान्य नागरिक, क्षेत्रीय चिकित्सक, प्रशासनिक अधिकारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय जनता ने मुख्य अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम के बाद अस्पताल का निरीक्षण भी किया गया।

मुख्य अतिथि प्रिंस यूकेश सिंह ने कहा कि ग्रामीण और अर्ध-शहरी क्षेत्रों में इस स्तर का विश्वस्तरीय अस्पताल खुलना जनपद के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि अब मरीजों को उच्चकोटि के इलाज के लिए दूर-दराज के शहरों का सहारा नहीं करना पड़ेगा, जिससे समय व खर्च दोनों की बचत होगी।

प्रबंध निदेशक संतोष कुमार सिंह ने बताया कि अस्पताल में अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरण स्थापित हैं और मरीजों तथा तीमारदारों की सुविधा का पूरा ध्यान रखते हुए सुव्यवस्थित परिसर बनाया गया है। उन्होंने बताया कि इसमें एक रिसर्च सेंटर भी शामिल है, जो उपचार के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर चिकित्सा अनुसंधान में सक्रिय भूमिका निभाएगा।

गड़वार रोड स्थित इस अस्पताल के खुलने से न सिर्फ नगरा बल्कि आसपास के दर्जनों गांवों के लोगों को आपातकालीन सेवाएं और गंभीर बीमारियों के इलाज में सहूलियत मिलेगी। उपस्थित जनों ने इस पहल की व्यापक सराहना की और उम्मीद जताई कि इससे क्षेत्रीय स्वास्थ्य सेवाओं में उल्लेखनीय सुधार आएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *