सावन और कांवड़ यात्रा को लेकर बिल्सी में पीस कमेटी की बैठक, एएसपी ग्रामीण ने की शांति बनाए रखने की अपील
बिल्सी (बदायूँ)। आगामी सावन माह और कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) डॉ. ह्रदेश कठेरिया ने थाना बिल्सी में धर्मगुरुओं, संभ्रांत नागरिकों और डीजे संचालकों के साथ पीस कमेटी की बैठक की।
बैठक में एएसपी ग्रामीण ने सभी से आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें। यदि कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। उन्होंने श्रद्धालुओं से कांवड़ यात्रा के निर्धारित मार्ग और समय का पालन करने तथा डीजे एवं ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप करने का आग्रह किया।
डॉ. ह्रदेश कठेरिया ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। साथ ही सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित न करने तथा शांति व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।
बैठक में मौजूद धर्मगुरुओं, पीस कमेटी के सदस्यों और गणमान्य नागरिकों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने तथा कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने का भरोसा दिलाया।
बैठक के बाद अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) ने प्रभारी निरीक्षक बिल्सी मनोज कुमार और पुलिस बल के साथ थाना क्षेत्र में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा आगामी त्योहारों के मद्देनज़र कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।
























