बलिया।पांडिचेरी प्रीमियर लीग में चयनित हुए बेल्थरा रोड के युवा क्रिकेटर अमृतेश यादव, बेसिक शिक्षा परिवार में हर्ष

पांडिचेरी प्रीमियर लीग में चयनित हुए बेल्थरा रोड के युवा क्रिकेटर अमृतेश यादव, बेसिक शिक्षा परिवार में हर्ष

 संजीव सिंह बेल्थरा रोड (बलिया)। मधुबन ढाला, बेल्थरा रोड निवासी युवा क्रिकेटर अमृतेश कुमार यादव ने अपनी प्रतिभा, अनुशासन और छह वर्षों के निरंतर अभ्यास के बल पर पांडिचेरी प्रीमियर लीग (टी-20) में स्थान बनाकर क्षेत्र एवं जनपद का नाम रोशन किया है। उनकी इस उल्लेखनीय उपलब्धि से क्षेत्र के खेल प्रेमियों के साथ-साथ बेसिक शिक्षा परिवार में भी हर्ष का वातावरण है।

अमृतेश, श्री राजेश कुमार यादव एवं श्रीमती मीना यादव के सुपुत्र हैं। उनकी माता मीना यादव प्राथमिक विद्यालय उभाव, शिक्षा क्षेत्र सीयर, जनपद बलिया में प्रधानाध्यापिका के पद पर कार्यरत हैं। अमृतेश ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा सेंट जेवियर्स स्कूल, पिपरौली, बेल्थरा रोड (बलिया) से प्राप्त की। बचपन से ही क्रिकेट के प्रति विशेष लगाव रखने वाले अमृतेश ने विभिन्न क्रिकेट अकादमियों में नियमित प्रशिक्षण लेकर अपने खेल को लगातार निखारा। छह वर्षों की कठिन साधना, अनुशासन और अथक परिश्रम का ही परिणाम है कि आज उन्हें पांडिचेरी प्रीमियर लीग जैसे प्रतिष्ठित टी-20 टूर्नामेंट में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने का अवसर प्राप्त हुआ है। अब उनकी निगाहें उत्कृष्ट प्रदर्शन के माध्यम से इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) तक पहुँचने पर टिकी हैं।

गौरतलब है कि पांडिचेरी प्रीमियर लीग के मुकाबलों का सीधा प्रसारण डिज्नी+ हॉटस्टार एवं स्टार स्पोर्ट्स पर किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र के खेल प्रेमियों और शुभचिंतकों में विशेष उत्साह है।

अमृतेश की इस उपलब्धि पर सेंट जेवियर्स स्कूल, पिपरौली, बेल्थरा रोड के डायरेक्टर डॉ. जय राम मिश्रा एवं प्रधानाचार्या शीला मिश्रा ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य एवं आईपीएल में चयन के लिए शुभकामनाएँ दीं।

वहीं खंड शिक्षा अधिकारी सीयर सुनील चौबे ने भी अमृतेश की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायी बताया। इस अवसर पर अमरजीत यादव, बृजेन्द्र पाल यादव, धनंजय यादव, अरबिंद कुमार मौर्य, अशोक यादव, अवधेश कुमार, देवेंद्र वर्मा, नन्द लाल शर्मा, सरिता यादव, फूल कुमारी, स्वेता वर्मा, पुष्पलता सिंह, अश्वनी कुमार, कृष्ण कांत यादव, विनोद कुमार मौर्य, राकेश यादव, जय प्रकाश यादव तथा जय प्रकाश मौर्य सहित बेसिक शिक्षा परिवार के अनेक शिक्षक-शिक्षिकाओं ने अमृतेश कुमार यादव एवं उनकी माता मीना यादव को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ प्रेषित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य तथा आईपीएल में चयन की मंगलकामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *