आजमगढ़।छात्राओं के उत्कृष्ट प्रदर्शन पर अंक पत्र वितरण समारोह आयोजित, अग्रसेन डिग्री कॉलेज में मिलेगा निःशुल्क प्रवेश

छात्राओं के उत्कृष्ट प्रदर्शन पर अंक पत्र वितरण समारोह आयोजित, अग्रसेन डिग्री कॉलेज में मिलेगा निःशुल्क प्रवेश

उपेंद्र कुमार पांडेय 

आजमगढ़। स्थानीय श्री अग्रसेन इंटर कॉलेज में मंगलवार को पास आउट छात्राओं के लिए परीक्षा परिणाम और अंक पत्र वितरण समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर कॉलेज के प्रबंधक सुधीर अग्रवाल, प्रबंधक मनीष रतन अग्रवाल, अध्यक्ष अशोक अग्रवाल, उप प्रबंधक पंकज अग्रवाल और गिरिराज अग्रवाल ने संयुक्त रूप से छात्राओं को अंक पत्र वितरित किए और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को पुरस्कृत कर उनका हौसला बढ़ाया।

इसके बाद, इंटर की पास आउट छात्राओं को अग्रसेन डिग्री कॉलेज की विशेष सुविधाओं से अवगत कराते हुए उन्हें आगे की उच्च शिक्षा के लिए दाखिला लेने हेतु प्रेरित किया गया।

इंटर कॉलेज के प्रबंधक मनीष रतन अग्रवाल ने छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि शिक्षकों की कड़ी मेहनत, समर्पण और सही मार्गदर्शन के बल पर ही छात्राओं ने इंटरमीडिएट परीक्षा में बेहतरीन अंक प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया है। वहीं, इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्य डॉ. प्रियंका सोनी ने छात्राओं को निरंतर परिश्रम, कड़े अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ जीवन में आगे बढ़ने की सीख दी।

महाविद्यालय के प्रबंधक सुधीर अग्रवाल ने बताया कि छात्राओं की सुरक्षा और उच्च शिक्षा के लिए यह जनपद का एक उत्कृष्ट और सुरक्षित संस्थान है। उन्होंने एक बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि अग्रसेन इंटर कॉलेज की जो भी छात्राएं अग्रसेन डिग्री कॉलेज में दाखिला लेंगी, उन्हें निःशुल्क प्रवेश दिया जाएगा और महाविद्यालय की सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

उन्होंने आगे बताया कि महाविद्यालय में सुयोग्य शिक्षकों द्वारा शिक्षा प्रदान की जाती है। यहाँ बी.ए., बी.एड., बी.कॉम., एम.ए., कला वर्ग के साथ-साथ हॉबी क्लासेस, एनसीसी और रोवर रेंजर्स जैसी सभी सह-शैक्षणिक गतिविधियां व सुविधाएं उपलब्ध हैं। कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. अनुभव श्रीवास्तव ने किया। इस अवसर पर भारी संख्या में अभिभावकगण और विद्यालय के समस्त शिक्षणेत्तर कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *