कैशलेस चिकित्सा योजना व विभागीय टीईटी की मंजूरी पर शिक्षकों में उत्साह, आजमगढ़ में एमएलसी देवेंद्र प्रताप सिंह का भव्य स्वागत
आजमगढ़। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा बेसिक शिक्षा विभाग के शिक्षकों के लिए कैशलेस चिकित्सा योजना तथा सेवारत शिक्षकों के लिए विभागीय टीईटी को मंजूरी दिए जाने के बाद शिक्षक समुदाय में खुशी की लहर है। इसी क्रम में रविवार को आजमगढ़ में स्नातक एमएलसी देवेंद्र प्रताप सिंह का भव्य स्वागत एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया।
उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष सुरेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में ब्रह्मस्थान स्थित शिक्षक सदन के भोला सिंह सभागार में आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में स्नातक एमएलसी देवेंद्र प्रताप सिंह, संघ के प्रांतीय अध्यक्ष विनय कुमार तिवारी तथा प्रांतीय महामंत्री उमाशंकर सिंह शामिल हुए। इस दौरान शिक्षकों ने अंगवस्त्र पहनाकर, माल्यार्पण कर तथा स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका अभिनंदन किया।
मुख्य अतिथि देवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा सेवारत प्राथमिक शिक्षकों के लिए विभागीय टीईटी की व्यवस्था कर उन्हें सेवा में बनाए रखने का निर्णय ऐतिहासिक और स्वागतयोग्य है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों के लिए कैशलेस चिकित्सा सुविधा लागू करना सरकार की संवेदनशील सोच को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि इन निर्णयों से प्रदेश के लाखों शिक्षकों को सीधा लाभ मिलेगा।
एमएलसी ने यह भी कहा कि पुरानी पेंशन बहाली सहित शिक्षकों की अन्य लंबित मांगों को लेकर भी वे लगातार शासन स्तर पर प्रयास कर रहे हैं और उन्हें उम्मीद है कि इस दिशा में भी सकारात्मक निर्णय जल्द सामने आएंगे।
समारोह में उमाशंकर सिंह, जितेंद्र कुमार राय, राजेंद्र यादव, मंजूलता राय, प्रियंका श्रीवास्तव, कंचन मौर्या, उपेंद्र दत्त शुक्ला, राजेश सिंह, अखिलेश तिवारी, प्रमोद लाल श्रीवास्तव, अनिल कुमार सिंह, केदारनाथ वर्मा, राकेश सिंह, हरिप्रसाद सिंह, अजय सिंह, अवधराज सिंह, मनोज सिंह, संतोष राय, वकील मौर्या, शोभनाथ, हरेंद्र यादव, सुदेश राय, विनोद यादव, शिव प्रकाश चौबे, पी.एन. सिंह, धनंजय सिंह, रामाशीष राय, कृपा शंकर राय एवं श्याम बिहारी पाठक सहित बड़ी संख्या में शिक्षक एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।
























