बदायूँ।विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के अंतर्गत आवेदन आमंत्रित

विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के अंतर्गत आवेदन आमंत्रित

बदायूं। उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना वित्तीय वर्ष 2026-27 के अंतर्गत जनपद बदायूं में बढ़ई, नाई, दर्जी, कुम्हार, लोहार, सुनार, राजमिस्त्री, हलवाई, मोची एवं धोबी सहित विभिन्न परम्परागत व्यवसायों से जुड़े कारीगरों के लिए 10 दिवसीय प्रशिक्षण एवं टूलकिट वितरण योजना हेतु आवेदन पत्र आमंत्रित किए गए हैं।

उपायुक्त उद्योग सचिन जैन ने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी 25 जुलाई, 2026 तक विभागीय वेबसाइट msme.up.gov.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। चयनित लाभार्थियों को प्रशिक्षण के साथ-साथ निःशुल्क टूलकिट भी उपलब्ध कराई जाएगी।

उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत आवेदन के लिए आवेदक का पासपोर्ट साइज फोटो, बैंक पासबुक की छायाप्रति, आधार कार्ड, अनुसूचित जाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए जाति प्रमाण पत्र, आयु प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, शैक्षिक योग्यता प्रमाण पत्र (यदि उपलब्ध हो) तथा तकनीकी योग्यता प्रमाण पत्र (यदि उपलब्ध हो) प्रस्तुत करना आवश्यक होगा।

उन्होंने बताया कि आवेदनकर्ता की आयु 18 वर्ष या उससे अधिक होनी चाहिए तथा वह जनपद बदायूं का स्थायी निवासी होना चाहिए। आवेदकों को परम्परागत कारीगरी से संबंधित ट्रेड से जुड़े होने के प्रमाण के रूप में ग्राम प्रधान, अध्यक्ष नगर पंचायत अथवा नगर पालिका/नगर निगम के संबंधित वार्ड सदस्य द्वारा निर्गत प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।

उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत एक परिवार से केवल एक सदस्य ही आवेदन करने के लिए पात्र होगा। परिवार का आशय पति, पत्नी एवं अविवाहित बच्चों से है। आवेदक को इस आशय का 10 रुपये के स्टाम्प पर नोटरी शपथ पत्र भी प्रस्तुत करना होगा कि उसने अथवा उसके परिवार के किसी सदस्य ने पूर्व में किसी प्रशिक्षण योजना के अंतर्गत टूलकिट अथवा मानदेय का लाभ प्राप्त नहीं किया है। योजना से संबंधित अधिक जानकारी के लिए इच्छुक अभ्यर्थी किसी भी कार्यदिवस में जिला उद्योग प्रोत्साहन तथा उद्यमिता विकास केन्द्र, बदायूं से संपर्क कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *