25 हजार का इनामी जहरखुरान गिरोह का आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, सिपाही भी घायल
बदायूं। जनपद के थाना दातागंज क्षेत्र में शुक्रवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में जहरखुरानी की घटना में वांछित ₹25 हजार का इनामी आरोपी गोली लगने से घायल हो गया। मुठभेड़ के दौरान बदमाश की फायरिंग में एक पुलिसकर्मी भी घायल हुआ। दोनों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार थाना दातागंज पुलिस बेलाडांडी पुल के पास संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान सामने से आ रही एक कार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक वाहन लेकर भागने लगा। कुछ दूरी पर कार फंस जाने पर पुलिस ने घेराबंदी की तो कार सवार बदमाश उतरकर भागने लगे और पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी।
जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी सनी सैनी, निवासी सोरों, जनपद कासगंज, के पैर में लगी, जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। घायल आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने अपने साथी के साथ मिलकर थाना दातागंज क्षेत्र में जहरखुरानी की वारदात को अंजाम दिया था, जिसमें पीड़ित की नकदी और एटीएम कार्ड चोरी किए गए थे। इसी मामले में वह फरार चल रहा था और उस पर ₹25 हजार का इनाम घोषित था।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक तमंचा (.315 बोर), दो जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, नकदी तथा हरियाणा नंबर की कार (HR 26 DU 1431) बरामद की है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी सनी सैनी के खिलाफ बदायूं सहित अन्य जनपदों में एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट और चोरी समेत करीब छह आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। फरार साथी की तलाश में पुलिस टीमों को लगाया गया है। मुठभेड़ के संबंध में थाना दातागंज में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
























