सड़क सुरक्षा अभियान: पुलिस व परिवहन विभाग ने वाहनों पर लगाए रिफ्लेक्टर, बिना वैध नंबर प्लेट वाले वाहनों पर कार्रवाई
बदायूँ। जनपद में बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन में यातायात पुलिस एवं परिवहन विभाग (एआरटीओ) द्वारा संयुक्त रूप से विशेष अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान बिना नंबर प्लेट, फर्जी नंबर प्लेट तथा हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (एचएसआरपी) के बिना संचालित ट्रैक्टर-ट्रॉली, ई-रिक्शा, टेंपो एवं अन्य वाहनों की सघन जांच की गई। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए कई वाहनों को सीज किया गया।
सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और रात्रिकालीन यातायात को सुरक्षित बनाने के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉली, डंपर, ई-रिक्शा एवं रिक्शा सहित विभिन्न वाहनों पर रिफ्लेक्टिव टेप भी लगाए गए। अधिकारियों ने बताया कि रिफ्लेक्टर लगाए जाने से रात के समय वाहनों की दृश्यता बढ़ेगी और दुर्घटनाओं में कमी आएगी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने जनपदवासियों एवं वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने, वाहनों पर वैध नंबर प्लेट लगाने तथा सड़क सुरक्षा संबंधी निर्देशों का अनुपालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनहित एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए पुलिस और परिवहन विभाग का यह संयुक्त अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
























