आजमगढ़।कटान का स्थायी निदान करें साहब, वरना खत्म हो जाएगा गांव का अस्तित्व

कटान का स्थायी निदान करें साहब, वरना खत्म हो जाएगा गांव का अस्तित्व

आजाद अधिकार सेना के बैनर तले बाढ़ पीडि़तों ने जिला प्रशासन को सौंपा ज्ञापन

सरयू नदी की कटान से हर बार कटती है देवारा खास राजा की कृषि भूमि

आजमगढ़। आधा जून बीतने के साथ हर साल सरयू नदी में बाढ़ की शुरुआत होती है। एक ओर दर्जन भर गांव डूबते हैं, तो कई गांवों में कटान से कृषि योग्य भूमि नदी की धारा में समा जाती है। खास तौर से देवारा खास राजा गांव के लोग प्रभावित होते हैं। इस बार भी बाढ़ पीडि़तों को डूबने की चिंता सताने लगी है। इस समस्या को लेकर सोमवार को आजाद अधिकार सेना के बैनर तले जिलाध्यक्ष अशोक सिंह के नेतृत्व में बाढ़ पीडि़त संगठन ने जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर गुहार लगाई कि कटान रोकने के लिए स्थायी उपाय कराया जाए, अन्यथा गांव का अस्तित्व समाप्त हो सकता है।बाढ़ पीड़ित संगठन के महासचिव राजीव मिश्रा ने बताया कि देवारा क्षेत्र के 134 गांवों में मात्र 42 इस समय अस्तित्व में है। बताया कि गोरखपुर से हाजीपुर गोला तक नदी के किनारे बसे गांवों में बाढ़ एवं कटान से बचाव हेतु बाढ़ खंड (सिंचाई विभाग) द्वारा सुरक्षात्मक पत्थर लगाए जा रहे हैं, किन्तु ग्राम देवारा खास राजा को इस महत्वपूर्ण कार्य से अब तक वंचित रखा गया है। परिणामस्वरूप गांव के दर्जनों परिवार भय और असुरक्षा के माहौल में जीवन यापन करने को मजबूर हैं। संबंधित विभागों द्वारा जिम्मेदारी एक-दूसरे पर डालकर मामले को लगातार टाला जा रहा है। अधिकारियों की इस उदासीनता और आपसी खींचतान के कारण कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी है। यदि समय रहते कटानरोधी कार्य प्रारंभ नहीं कराया गया तो आगामी बाढ़ में गांव के अनेक घर नदी में समा सकते हैं तथा जन-धन की अपूरणीय क्षति हो सकती है। उन्होंने देवारा खास राजा में तत्काल स्थलीय निरीक्षण कराया जाए, बाढ़ खंड, सिंचाई विभाग को तत्काल सुरक्षात्मक पत्थर लगाने हेतु निर्देशित किया जाए, कार्य प्रारंभ करने की समय-सीमा निर्धारित कर उसकी निगरानी सुनिश्चित की जाए, ग्रामीणों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए इस प्रकरण का त्वरित निस्तारण कराया जाए। इस मौके पर चंद्रबलि, सूर्यदेव, सत्यनारायन, धर्मेंद्र निषाद, राम प्रसाद पटेल, सूर्यदेव, सुनील चौधरी, वीरेंद्र, लालजी आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *