मेक इन इंडिया से बढ़े रोजगार के अवसर, विकसित भारत की ओर तेजी से बढ़ रहा देश : ए.के. शर्मा
जौनपुर। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता एवं मासिक बैठक में प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने कहा कि “विकसित भारत” अब केवल नारा नहीं, बल्कि देश का राष्ट्रीय लक्ष्य बन चुका है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से विश्व की चौथी सबसे बड़ी आर्थिक शक्ति बनने की दिशा में अग्रसर है।
ऊर्जा मंत्री ने कहा कि “मेक इन India” अभियान के तहत देश में उत्पादन बढ़ा है, जिससे रोजगार के नए अवसर सृजित हुए हैं। वहीं स्टार्टअप इंडिया योजना के माध्यम से युवा नौकरी मांगने वाले नहीं, बल्कि नौकरी देने वाले बन रहे हैं। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंच रहा है।
श्री शर्मा ने कहा कि किसान सम्मान निधि, किसान क्रेडिट कार्ड, आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं ने किसानों और गरीबों को आर्थिक एवं सामाजिक सुरक्षा प्रदान की है। वहीं शिक्षा, कौशल विकास, रोजगार और खेल के क्षेत्र में भी अभूतपूर्व कार्य हुए हैं। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्ष सेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण के वर्ष रहे हैं।
इससे पूर्व भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित मासिक बैठक में मंत्री ने संगठन पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ जनहितकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने की रणनीति पर चर्चा की। जिला प्रभारी अशोक चौरसिया ने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्र निर्माण और प्रदेश के विकास के लिए समर्पित है।
बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति ने कहा कि कार्यकर्ताओं का परिश्रम ही पार्टी की सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने कहा कि सरकार की लोककल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना संगठन की प्राथमिकता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में बीते 12 वर्ष सुशासन और विकास के स्वर्णिम काल के रूप में याद किए जाएंगे।
कार्यक्रम में जिला महामंत्री पीयूष गुप्ता, संदीप तिवारी, अजय सिंह, जिला उपाध्यक्ष पंकज मिश्रा, विनय सिंह, अजय सरोज, परविंदर चौहान, पुष्पा निषाद, नीरज मौर्य, अमित श्रीवास्तव, राज पटेल, संतोष मिश्रा, राजकेशर पाल, धमेन्द्र मिश्रा, डॉ. देवी प्रसाद सिंह, अंशू सिंह, राजेश गुप्ता, सुधांशु सिंह, विकास शर्मा, रीता जायसवाल, दीपक सिंह, घनश्याम यादव, आमोद सिंह सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
























