बलिया।मुहर्रम पर्व को लेकर थाना परिसर में हुई शांति समिति की बैठक

मुहर्रम पर्व को लेकर थाना परिसर में हुई शांति समिति की बैठक

संजीव सिंह

नगरा (बलिया)। आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से गुरुवार सायंकाल को थाना नगरा परिसर में ताजियादारों एवं गणमान्य लोगों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने मुहर्रम जुलूस और ताजिया दफन से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

बैठक की अध्यक्षता करते हुए क्षेत्राधिकारी (सीओ) आलोक गुप्ता ने कहा कि शासन एवं प्रशासन द्वारा निर्धारित मानकों का सभी को पालन करना होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि ताजिया की ऊँचाई अधिकतम 12 फीट ही रखी जाएगी तथा जुलूस निकालने से पूर्व सभी ताजियादारों को शपथ पत्र के साथ आवश्यक अनुमति लेना अनिवार्य होगा। बिना अनुमति जुलूस निकालने या नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी।

सीओ ने कहा कि विद्युत आपूर्ति के लिए लगाए गए तारों को किसी भी स्थिति में नहीं काटा जाएगा। सभी ताजिए अपने निर्धारित मार्गों से होकर गुजरेंगे तथा पूर्व निर्धारित स्थलों पर ही दफन किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि ताजियों में डीजे का प्रयोग शासन की गाइडलाइन के अनुरूप ही किया जाएगा। साथ ही किसी भी प्रकार के हथियार या आपत्तिजनक सामग्री को ताजिया स्थल एवं जुलूस में ले जाने की अनुमति नहीं होगी।

थानाध्यक्ष संजय मिश्रा ने उपस्थित लोगों से आपसी भाईचारा और शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि मुहर्रम पर्व को परंपरागत ढंग से सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि शांति व्यवस्था में खलल डालने, अफवाह फैलाने अथवा कानून व्यवस्था प्रभावित करने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में प्रशासन एवं नगर क्षेत्र के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। प्रमुख रूप से नायब तहसीलदार अभिषेक सिंह, एसडीओ जाहिद इकबाल, चेयरमैन प्रतिनिधि उमाशंकर राम, रिजवान अहमद, पिंटू अंसारी, इश्तेयाक अहमद, एडवोकेट शफीक अहमद सहित अन्य ताजियादार एवं सम्मानित नागरिक मौजूद रहे।

बैठक के दौरान अधिकारियों ने सभी समुदाय के लोगों से मिल-जुलकर पर्व मनाने तथा प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने की अपील की, ताकि मुहर्रम का पर्व शांति, सौहार्द और भाईचारे के वातावरण में संपन्न हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *