35 हजार रिश्वत लेते पकड़े गए सिपाही कांड में एसपी की बड़ी कार्यवाही : सस्पेंड हुए जैतीपुर थाना प्रभारी अश्वनी
मुजीब खान
शाहजहांपुर : आज दिन में थाना जैतीपुर में एक होमगार्ड के कमरे में बरेली निवासी एक व्यक्ति से 35 हजार रुपए लेते थाना प्रभारी अश्वनी कुमार के हमराही विवेक कुमार को एंटी करप्शन टीम ने रंगे हाथों गिरफ्तार किया बताया जाता है कि सिपाही के आवाज देते हुए थाना प्रभारी मौके से थाने की दीवार फांदकर गायब हो लिए थे इस रिश्वत खोरी पर पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने तत्काल प्रभाव से निर्णय लेते हुए हमराही सिपाही के साथ थाना प्रभारी अश्वनी कुमार सिंह को भी सस्पेंड कर दिया है।
जानकारी के अनुसार सिपाही विवेक कुमार ने एक पीड़ित से विवेचना में मदद करने के नाम पर रिश्वत की मांग की थी। जिस मुकदमे में सहायता का आश्वासन देकर रुपये लिए जा रहे थे, उसकी विवेचना स्वयं थाना प्रभारी अश्वनी कुमार कर रहे थे। शिकायत मिलने पर एंटी करप्शन टीम ने जाल बिछाकर सिपाही को रिश्वत लेते हुए दबोच लिया। हालांकि एंटी करप्शन विभाग की ओर से इंस्पेक्टर अश्वनी कुमार के खिलाफ कोई मुकदमा दर्ज नहीं कराया गया है, लेकिन पूरे घटनाक्रम को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने उन्हें तत्काल निलंबित कर दिया।
सूत्रों के अनुसार कार्रवाई के दौरान जब सिपाही विवेक कुमार रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया, तब थाना प्रभारी अश्वनी कुमार कथित रूप से थाने की दीवार फांदकर निकले और पास के गन्ने के खेतों में जाकर छिप गए। हालांकि इस संबंध में पुलिस अधिकारियों की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है। मामले की विभागीय जांच शुरू कर दी गई है और अधिकारियों का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
























