सौमी अमावस्या को लेकर डीएम व एसएसपी ने की समीक्षा बैठक, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
बदायूँ। आगामी सौमी अमावस्या के दृष्टिगत जनपद में कानून-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गुरुवार को कलेक्ट्रेट स्थित अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी बदायूँ अवनीश राय एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूँ अंकिता शर्मा ने की।
बैठक में जिले के समस्त क्षेत्राधिकारीगण एवं थाना प्रभारियों के साथ कानून-व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन तथा श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सौमी अमावस्या के अवसर पर श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए तथा संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरती जाए।
जिलाधिकारी एवं एसएसपी ने भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था, पार्किंग, बैरिकेडिंग एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही अधिकारियों को निरंतर भ्रमणशील रहकर स्थिति पर नजर बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक के दौरान एडीएम (ई) अरुण कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक नगर अभिषेक कुमार सिंह सहित अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
























