आजमगढ़।अपने साथ लाइए गुड़-बताशा, हम पिलाएंगे ठंडा पानी: भारत विकास परिषद ने लगाया प्याऊ

अपने साथ लाइए गुड़-बताशा, हम पिलाएंगे ठंडा पानी: भारत विकास परिषद ने लगाया प्याऊ

उपेन्द्र कुमार पांडेय 

आजमगढ़। भीषण गर्मी को देखते हुए भारत विकास परिषद, शाखा आजमगढ़ ने जनहित में एक सराहनीय पहल करते हुए चौक गोला मंडी स्थित ‘त्रिलोकी नाथ टाइल्स एंड बाथवेयर’ पर निःशुल्क प्याऊ (जल सेवा) का शुभारंभ किया है। सेवा संयोजक पवन अग्रवाल के नेतृत्व में शुरू हुई इस प्याऊ का उद्घाटन अशोक अग्रवाल, सीताराम पांडे और बद्री प्रसाद गुप्त द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।

हालांकि, इस जल सेवा में पानी पीने के लिए गुड़ या बताशे का कोई इंतजाम नहीं है। ऐसे में यदि कोई गर्मी में गुड़-बताशे के साथ ठंडा पानी पीना चाहता है, तो उसे इसका इंतजाम घर से ही करके आना होगा।

गौर करने वाली बात यह भी है कि इस मुख्य चौक पर वर्षों से बंद पड़े शीतल प्याऊ को नगरपालिका अध्यक्ष द्वारा पहले ही चालू कराया जा चुका है, जो लगातार क्रियाशील है।

इस अवसर पर पवन अग्रवाल ने कहा कि गोला मण्डी शहर का एक बेहद व्यस्त व्यावसायिक क्षेत्र है, जहाँ रोज़ हजारों लोगों का आना-जाना होता है।

संगठन अध्यक्ष देवेश दुबे ने कहा कि प्यासे को पानी पिलाना सबसे बड़ा पुण्य का कार्य है और भारत विकास परिषद हमेशा से ऐसे जनकल्याणकारी कार्यों के लिए तत्पर रहा है। इसके साथ ही उन्होंने आम जनता से भी अपील की कि वे अपने-अपने स्तर पर विभिन्न चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर प्याऊ लगाकर इस पुनीत कार्य में अपना योगदान दें।

इस सेवा कार्य के दौरान परिषद के सचिव कौशल कुमार राय, रमाकांत वर्मा और गोविंद दुबे सहित कई अन्य सदस्य प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *