भदोही।सुरियावां रेलवे क्रॉसिंग ओवरब्रिज के तीनों गार्डर चढ़े, दो माह में कार्य पूरा होने की उम्मीद।

सुरियावां रेलवे क्रॉसिंग ओवरब्रिज के तीनों गार्डर चढ़े, दो माह में कार्य पूरा होने की उम्मीद।

शरद बिंद

सुरियावां,भदोही।जिले में निर्माणाधीन मछलीशहर–भदोही नेशनल हाईवे 731 बी परियोजना के अंतर्गत सुरियावां रेलवे क्रॉसिंग पर बनाए जा रहे रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) के निर्माण कार्य में महत्वपूर्ण प्रगति दर्ज की गई है। परियोजना के तहत ओवरब्रिज के तीनों ब्लॉक पर तीनों गार्डर सफलतापूर्वक स्थापित कर दिए गए हैं, जिससे निर्माण कार्य अब अगले चरण में पहुंच गया है।

प्रोजेक्ट मैनेजर कृष्णमूर्ति ने बताया कि रेलवे ट्रैक के ऊपर स्थित ब्लॉक में कुल 16,920 नट-बोल्ट कसे जाने हैं। इनमें से अब तक 2,920 नट-बोल्ट लगाए जा चुके हैं और शेष कार्य तेजी से जारी है। उन्होंने बताया कि रेल प्रशासन से आवश्यक अनुमति मिलने के बाद आगे के तकनीकी और संरचनात्मक कार्य पूरे किए जाएंगे। यदि निर्धारित प्रक्रिया समय पर पूरी होती है तो अगले दो माह के भीतर ओवरब्रिज निर्माण का कार्य पूरा कर लिया जाएगा।

इंजीनियर प्रभाकर सिंह ने बताया कि रेलवे से निर्धारित समय के अनुसार तीन दिनों तक प्रतिदिन दो-दो घंटे का कार्य समय मिला, जिसके भीतर तकनीकी टीम ने तय समय सीमा में गार्डर चढ़ाने का कार्य सफलतापूर्वक पूरा कर लिया।

इस महत्वपूर्ण कार्य को संपन्न कराने में लखनऊ से पहुंचे प्रेम सागर गुप्ता तथा प्रतापगढ़ से आए ए डी एन राजेश कुमार यादव और ऋषिपाल सिंह सहित तकनीकी टीम की विशेष भूमिका रही। ओवरब्रिज बनने के बाद क्षेत्र के लोगों को रेलवे क्रॉसिंग पर लगने वाले जाम से राहत मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *