बदायूं में गंगा एक्सप्रेसवे पर टायर फटने से पलटी स्लीपर बस, एक यात्री की मौत, 30 से अधिक घायल
बदायूं : जनपद के मूसाझाग थाना क्षेत्र में रविवार रात गंगा एक्सप्रेसवे पर स्लीपर बस पलटने से एक यात्री की मौत हो गई। दुर्घटना में 30 से अधिक यात्री घायल हो गए। इनमें से कुछ घायलों की हालत नाजुक बताई गई है। स्लीपर बस फतेहपुर जिले के खागा से पंजाब के लुधियाना जा रही स्लीपर बस का अचानक टायर फट गया, घायलों में 12 यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद एक्सप्रेसवे पर यात्रियों की चीख-पुकार गूंज उठी।
हड़सा बदायूं जिले के मूसाझाग थाना क्षेत्र के गांव सराय पिपरिया के पास गंगा एक्सप्रेसवे के किलोमीटर संख्या 202 पर रात करीब 11:30 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि बस में सवार अधिकांश यात्री सो रहे थे। तभी अचानक तेज धमाके के साथ बस का टायर फट गया। इससे चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख सका और तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर पलट गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बस तीन से चार बार पलटती हुई एक्सप्रेसवे की दूसरी दिशा में प्रयागराज जाने वाली लेन तक पहुंच गई। गनीमत रही कि हादसे के दौरान उस लेन पर कोई वाहन नहीं आ रहा था। अन्यथा हादसा और भी भयावह हो सकता था। हादसे के बाद बस में फंसे यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। आसपास से गुजर रहे वाहन चालकों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। रात करीब सवा 12 बजे जिला अस्पताल में पंजाब निवासी संपत, बुद्धा यादव, गुनगुन और साहिल समेत कई घायलों को भर्ती कराया गया। वहीं फतेहपुर जिले के खागा निवासी अर्जुन कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में उनके दोनों पैर कट गए, जिनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। फतेहपुर निवासी अनुज की मौत हादसे में फतेहपुर जिले के निवासी अनुज की मौत हो गई।
मेडिकल कॉलेज जाकर जिलाधिकारी व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा वार्ता कर हालचाल लिया गया
घटना में मृत व्यक्ति का शव का पंचायतनामा की कार्यवाही कर पोस्टमार्टम हेतु मोर्चरी हाउस बदायूँ भेजा गया। सभी घायलों को उपचार हेतु जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहाँ डॉक्टर द्वारा घायलो को मेडिकल कॉलेज बदायूँ रेफर किया गया। 04 यात्री उपचार के बाद अपने गन्तव्य पर चले गये है एवं 02 यात्री उपचाराधीन है। जिलाधिकारी बदायूँ व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूँ द्वारा मेडिकल कॉलेज बदायूँ में जाकर उपचाराधीन यात्रियों से वार्ता कर हालचाल लिया गया तथा बेहतर इलाज हेतु ड्यूटीरत डॉक्टर व कर्मचारियो को आवश्यक दिशा निर्दश दिये गये।
























