जौनपुर।मुठभेड़ में शातिर बदमाश गिरफ्तार, साथी फरार

मुठभेड़ में शातिर बदमाश गिरफ्तार, साथी फरार

जौनपुर। सरायख्वाजा थाना पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान हत्या के प्रयास समेत कई मामलों में वांछित एक शातिर अभियुक्त को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया है, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस ने मौके से तमंचा, कारतूस और मोटरसाइकिल बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुँवर अनुपम सिंह के निर्देश पर जिले में अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में प्रभारी निरीक्षक अमरेन्द्र कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में सरायख्वाजा पुलिस टीम मल्हनी-कोइरिडीहा मार्ग स्थित नहर पुलिया के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन वे भागने लगे।

पुलिस टीम ने पीछा किया तो कुछ दूरी पर मोड़ लेते समय बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई और दोनों गिर पड़े। इसके बाद बदमाशों ने पुलिया की आड़ लेकर पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायर किया, जिसके बाद एक बदमाश घायल होकर गिर पड़ा, जबकि दूसरा फरार हो गया।

घायल अभियुक्त की पहचान कृष्णा यादव उर्फ गोलू उर्फ गोलई यादव निवासी छबिलेपुर, थाना सरायख्वाजा के रूप में हुई है। उसके पास से .315 बोर का देशी तमंचा, एक खोखा कारतूस और मोटरसाइकिल बरामद की गई। पूछताछ में उसने बताया कि वह अपने साथी विकास के साथ मिलकर लूट और छिनैती जैसी वारदातों को अंजाम देता है।

पुलिस ने घायल अभियुक्त को इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया है। गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर उसके खिलाफ बीएनएस की धारा 109(1) तथा 3/25/27 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार अभियुक्त पर पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस टीम दबिश दे रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *