सड़क हादसे में तीन की मौत
जौनपुर। जिले में सोमवार को एक भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा जौनपुर-प्रयागराज मार्ग पर स्थित औद्योगिक क्षेत्र सतहरिया में हुआ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, तेज रफ्तार ट्रक ने एक टेंपो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि टेंपो के परखच्चे उड़ गए और मौके पर ही तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों में मुंगराबादशाहपुर थाने में तैनात होमगार्ड प्रमोद मिश्रा भी शामिल हैं।
हादसे में घायल तीन अन्य लोगों को गंभीर अवस्था में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। हादसे के बाद कुछ समय तक मार्ग पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा और यातायात भी प्रभावित हुआ।
पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है और ट्रक चालक की तलाश जारी है।
























