पीएम श्री अमृतपाली की प्रधानाध्यापिका को राष्ट्रीय आय-योग्यता छात्रवृत्ति परीक्षा में विशेष सहयोग के लिए सम्मान
संजीव सिंह बलिया। जनपद के दुबहर ब्लॉक स्थित पीएम श्री विद्यालय अमृतपाली की प्रधानाध्यापिका प्रतिमा उपाध्याय ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। रविवार, 19 अप्रैल को लखनऊ के रानी लक्ष्मीबाई मेमोरियल स्कूल, सेक्टर-14, इंदिरा नगर में आयोजित समारोह में डॉ. सर्वेंद्र विक्रम बहादुर सिंह (पूर्व बेसिक शिक्षा निदेशक) एवं अजय कुमार सिंह (प्राचार्य, कॉलेज ऑफ टीचर एजुकेशन, प्रयागराज) ने उन्हें राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा में विशेष सहयोग के लिए सम्मानित किया।प्रत्येक वर्ष पांच या इससे अधिक छात्रों को इस परीक्षा में सफल कराने वाले शिक्षकों को लखनऊ में सम्मान दिया जाता है। इस बार प्रतिमा जी के अलावा जनपद के आठ अन्य शिक्षकों को भी पुरस्कृत किया गया। इसका उद्देश्य शिक्षकों का मनोबल बढ़ाना और उन्हें बच्चों को शिक्षा के साथ आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए प्रेरित करना है, ताकि उच्च कक्षाओं में आर्थिक बाधा न आए।उल्लेखनीय है कि परीक्षा उत्तीर्ण छात्रों को कक्षा 9 से 12 तक प्रतिवर्ष 12,000 रुपये की छात्रवृत्ति मिलती है, जो चार वर्षों में कुल 48,000 रुपये बनती है। इस वर्ष बलिया में 251 छात्र सफल रहे। प्रतिमा जी स्कूल समय के बाद और छुट्टियों में विभिन्न माध्यमों से बच्चों को इस परीक्षा की तैयारी कराती रहती हैं।उनका प्रदेश के 32 विशिष्ट व्यक्तियों—जिनमें प्राचार्य, प्रवक्ता, खंड शिक्षा अधिकारी एवं HCL फाउंडेशन कोऑर्डिनेटर शामिल हैं—के साथ सम्मानित होना बेसिक शिक्षा विभाग, बलिया के लिए गौरव का विषय है। उत्तर प्रदेश सरकार ने उनकी मेहनत को पहले भी राज्य शिक्षक पुरस्कार से नवाजा है। वे अभिभावकों को भी बच्चों को ऐसी परीक्षाओं में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करती हैं।

