थ्रेसर में फंसकर मजदूर की दर्दनाक मौत, गांव में मचा कोहराम
जौनपुर/ बरसठी ।बरसठी थाना क्षेत्र के चल मलाई गांव में उस समय हड़कंप मच गया, जब गेहूं की दवाई के दौरान एक मजदूर की थ्रेसर मशीन में फंसकर दर्दनाक मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, राकेश गौतम के खेत में उपेंद्र पासी के ट्रैक्टर-थ्रेसर से गेहूं की दवाई का काम चल रहा था। इसी दौरान गेहूं का बोझ थ्रेसर में लगाने के लिए काम कर रहा मजदूर अचानक मशीन के मुंह में चला गया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान मुलायम वनवासी के रूप में हुई है, जो भदरांव गांव में अपने ससुराल में रहकर मजदूरी करता था। वह मूल रूप से बनकट मोढ़ का निवासी था और शादी के बाद अपनी पत्नी व दो बच्चों के साथ ससुराल में ही रह रहा था।
बताया जा रहा है कि उसकी पत्नी इस समय करीब दो माह की गर्भवती है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
























