मुठभेड़ में हत्या के दो आरोपी घायल, पुलिस ने किया गिरफ्तार
जौनपुर।जिले में अपराधियों के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। जलालपुर, चंदवक, केराकत, जाफराबाद थाने और एसओजी की संयुक्त टीम ने मुठभेड़ के दौरान हत्या के मामले में वांछित दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, 25 मार्च को जलालपुर थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। इसी मामले में आरोपियों की तलाश की जा रही थी। शुक्रवार रात मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी बाइक से भाऊपुर से त्रिलोचन की ओर जा रहे हैं। इस पर पुलिस ने ओईना गांव के पास घेराबंदी कर दी।
घेराबंदी के दौरान बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें दोनों बदमाशों के पैर में गोली लग गई और वे घायल हो गए। इसके बाद पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शिवशंकर चौहान (26) और धनंजय चौहान उर्फ नंदू (20) निवासी संघईपुर, थाना जलालपुर के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से दो तमंचा, जिंदा कारतूस, खोखा, एक टीवीएस राइडर बाइक और घटना में इस्तेमाल चाकू बरामद किया है।पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ हत्या समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
























