लोकगीत गायक गोपाल राय ने रामकथा में लिया आशीर्वाद, श्रद्धालुओं को दी शुभकामनाएं
रामेश्वर प्रजापति छांगुर
नगरा (बलिया)। चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर स्थानीय पुरानी दुर्गा मंदिर परिसर में आयोजित रामकथा प्रवचन में प्रसिद्ध लोकगीत गायक गोपाल राय अपने पूरे परिवार के साथ पहुंचे। उन्होंने मंदिर में विधिवत माथा टेककर मां दुर्गा का आशीर्वाद लिया तथा रामकथा में शामिल होकर कथा व्यास महाराज विजय कौशिक जी से आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस अवसर पर गोपाल राय ने उपस्थित श्रद्धालुओं को चैत्र नवरात्रि की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि इस तरह के धार्मिक आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा और आध्यात्मिक चेतना का संचार करते हैं। उन्होंने रामकथा के सफल आयोजन के लिए आयोजक मंडल के प्रति आभार व्यक्त करते हुए विशेष रूप से बृजेश सिंह बिट्टन जी को धन्यवाद दिया।
कार्यक्रम के दौरान समरजीत सिंह, धनजी, संजय गुप्ता, बृजेश गुप्ता,राहुल ठाकुर,छांगुर सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। मंदिर के पुजारी पंडित मुन्ना पांडे एवं निर्भय प्रकाश ने संयुक्त रूप से गोपाल राय को चुनरी ओढ़ाकर सम्मानित किया।
इस दौरान गोपाल राय के आगमन को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में दर्शकों ने उनके साथ सेल्फी ली और फोटो खिंचवाकर इस पल को यादगार बनाया।
रामकथा के दौरान भक्तिमय माहौल बना रहा और श्रद्धालु कथा श्रवण कर भाव-विभोर होते नजर आए। आयोजन स्थल पर पूरे समय धार्मिक उत्साह और भक्ति की धारा बहती रही।
























