बदलापुर में तीन सेतु व बॉक्स कलवर्ट निर्माण को 18.09 करोड़ की मंजूरी, पहली किस्त जारी
जौनपुर/बदलापुर।बदलापुर विधानसभा क्षेत्र के विकास को गति देते हुए क्षेत्रीय विधायक रमेश चंद्र मिश्र के प्रयासों से तीन महत्वपूर्ण सेतु एवं बॉक्स कलवर्ट निर्माण कार्यों के लिए कुल 18 करोड़ 9 लाख रुपये की स्वीकृति मिल गई है। इनमें से प्रथम किस्त के रूप में 5 करोड़ 90 लाख रुपये भी जारी कर दिए गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पहली परियोजना के तहत ग्राम अगरौरा और रारी कला के मध्य पीली नदी पर सेतु निर्माण, पहुंच मार्ग एवं अतिरिक्त पहुंच मार्ग के लिए कुल 15 करोड़ 23 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसके सापेक्ष पहली किस्त के रूप में 5 करोड़ 33 लाख रुपये अवमुक्त किए गए हैं।
दूसरी परियोजना में ग्राम अगरौरा स्थित प्रानपुरा चौहान बस्ती में नाले पर बॉक्स कलवर्ट व पहुंच मार्ग निर्माण के लिए 1 करोड़ 25 लाख रुपये स्वीकृत हुए हैं, जिसमें से 25 लाख 1 हजार रुपये की पहली किस्त जारी की गई है।
तीसरी परियोजना के अंतर्गत नरायनपुर व खैरपारा चौहान बस्ती के मध्य लखिया नाले पर बॉक्स कलवर्ट व पहुंच मार्ग निर्माण हेतु 1 करोड़ 61 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसके सापेक्ष 32 लाख 2 हजार रुपये की पहली किस्त जारी की गई है।
विधायक रमेश चंद्र मिश्र ने इन परियोजनाओं की स्वीकृति व धनराशि जारी करने के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि इन निर्माण कार्यों से क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा और ग्रामीणों को बड़ी राहत मिलेगी।
























