जौनपुर बरसठी विकास खंड में दो दिवसीय प्रशिक्षण
GeM पोर्टल, PFMS और ई-ग्राम स्वराज पर दी गई विस्तृत जानकारी
जौनपुर। विकास खंड बरसठी के सभागार में गुरुवार, 19 मार्च 2026 से राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के अंतर्गत दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। यह प्रशिक्षण 19 से 20 मार्च तक आयोजित किया जा रहा है, जिसमें ग्राम प्रधान, पंचायत सहायक एवं ग्राम पंचायत सचिवों को ई-गवर्नेंस से जुड़े महत्वपूर्ण पोर्टलों की जानकारी दी जा रही है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन उप निदेशक (पंचायत) वाराणसी मंडल के मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ खंड विकास अधिकारी सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) वर्षा बंग, एडीओ पंचायत वर्षा बंग एवं अन्य अधिकारियों द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया।
एडीओ पंचायत प्रदीप कुमार ने प्रशिक्षण के दौरान उपस्थित प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि सभी ग्राम पंचायतें ई-ग्राम स्वराज पोर्टल पर अपनी प्रोफाइल एवं ग्राम पंचायत विकास योजना अनिवार्य रूप से अपलोड करें। साथ ही ग्राम पंचायतों में होने वाले सभी क्रय एवं सेवाएं GeM पोर्टल के माध्यम से ही की जाएं।
उन्होंने यह भी बताया कि पंचायतों द्वारा किए जाने वाले सभी भुगतान PFMS पोर्टल के जरिए गेटवे प्रणाली से किए जाएं, जिससे पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित हो सके।
प्रशिक्षण सत्र में प्रशिक्षक जिलाजीत निषाद एवं निर्मल कुमार द्वारा पंचायत विकास योजना के निर्माण की प्रक्रिया, ई-ग्राम स्वराज पोर्टल के उपयोग, PFMS प्रणाली और GeM पोर्टल के संचालन से संबंधित विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्राम प्रधान, पंचायत सहायक एवं ग्राम पंचायत सचिव उपस्थित रहे और प्रशिक्षण का लाभ उठाया।
























