चिलकहर बाजार में किराना दुकान में भीषण आग: मां-बेटे जिंदा जले, पति घायल
संजीव सिंह बलिया। गड़वार थाना क्षेत्र के चिलकहर बाजार में रविवार देर रात एक किराना दुकान में लगी आग से मां-बेटे जिंदा जल गए, जबकि पति जान बचाने की कोशिश में घायल हो गया। अगलगी से बाजार में भगदड़ मच गई।नीरज चौरसिया की होलसेल किराना दुकान के ऊपर उनका परिवार रहता था। रविवार रात करीब दो बजे अज्ञात कारणों से दुकान में आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटों ने पूरी दुकान घेर ली। दुकान से बाहर निकलने का कोई दूसरा रास्ता न होने से नीरज की पत्नी रिंकी चौरसिया (25) और पांच वर्षीय बेटा धीरज आग में फंस गए। दोनों जिंदा जलकर मारे गए।नीरज छत से कूदकर बाहर निकले, लेकिन पैर टूट गया। उन्हें बलिया ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। सूचना पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम पहुंची। ग्रामीणों की मदद से मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने घटनास्थल का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। आग के कारणों की जांच जारी है।

