जमीन विवाद में युवक की पीट-पीटकर हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार
चंदवक (जौनपुर)।चंदवक थाना क्षेत्र के गोबरा गांव में रविवार को जमीन विवाद को लेकर एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार गांव निवासी सच्चिदानंद मिश्रा का पड़ोसी विष्णु मिश्रा से जमीन और लेन-देन को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा था। रविवार को इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। देखते ही देखते मामला बढ़ गया और आरोपियों ने लाठी-डंडों से सच्चिदानंद मिश्रा पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल होने के बाद उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और मामले में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। पुलिस ने इस प्रकरण में नामजद दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि आधा दर्जन से अधिक लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और अन्य आरोपितों की तलाश जारी है।
























