युवा उद्यमी विश्वनाथ प्रताप सिंह के नाम से डाक टिकट जारी, डाक विभाग ने किया सम्मानित
शरद बिंद
दुर्गागंज ,भदोही। भारतीय डाक विभाग द्वारा अभोली के भानीपुर निवासी युवा उद्यमी विश्वनाथ प्रताप सिंह के नाम से विशेष डाक टिकट जारी किया गया। इस गौरवपूर्ण अवसर पर उन्हें मुख्य डाकघर भदोही में आयोजित कार्यक्रम में सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में डाक विभाग भदोही के उप प्रभागीय निरीक्षक आनंद यादव द्वारा श्री सिंह को सम्मान पत्र एवं डाक टिकट प्रदान किया गया। इस अवसर पर डेवलपमेंट ऑफिसर सर्वेश पांडेय एवं हेमंत राय व संदीप विश्वकर्मा भी उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में विश्वनाथ प्रताप सिंह ने भारतीय डाक विभाग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह उनके लिए अत्यंत सौभाग्य और गर्व का विषय है कि उन्हें इस सम्मान के योग्य समझा गया। उन्होंने कहा कि वे जिले के एक सम्मानित युवा उद्यमी के रूप में सामाजिक कार्यों के साथ-साथ व्यापारिक क्षेत्र में भी सक्रिय हैं।
श्री सिंह भदोही जनपद में एमआरएफ टायर डीलर के मालिक है इसके अतिरिक्त भदोही, जौनपुर तथा इलाहाबाद में उनकी कई इलेक्ट्रिक वाहनों के शोरूम सफलतापूर्वक संचालित हो रहे हैं।
श्री सिंह ने कहा कि उनका एकमात्र लक्ष्य अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार प्रदान करना तथा समाज के प्रति सकारात्मक एवं रचनात्मक कार्य करना है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उन्हें समाज सेवा एवं युवा सशक्तिकरण के कार्यों को और अधिक गति देने की प्रेरणा देता है।
यह उपलब्धि न केवल उनके लिए, बल्कि पूरे जनपद भदोही के लिए गौरव का विषय है तथा युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत सिद्ध होगी।
























