पीएम श्री योजना के तहत छात्रों का शैक्षिक भ्रमण, सारनाथ की ऐतिहासिक विरासत से हुए रूबरू
बरसठी (जौनपुर)। पीएम श्री योजना के अंतर्गत बरसठी विकास खंड के निगोह स्थित पीएम श्री विद्यालय के छात्र-छात्राओं को शैक्षिक भ्रमण पर वाराणसी के ऐतिहासिक स्थल सारनाथ ले जाया गया। इस अवसर पर प्रधानाचार्य शिव कुमार सिंह (बब्लू) स्वयं विद्यार्थियों के साथ मौजूद रहे। उनके साथ विद्यालय के शिक्षक एवं स्टाफ भी रहे।
बस के माध्यम से आयोजित इस शैक्षिक यात्रा का उद्देश्य बच्चों को कक्षा की पढ़ाई के साथ-साथ ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और धार्मिक धरोहरों की प्रत्यक्ष जानकारी देना रहा। सारनाथ पहुंचकर विद्यार्थियों ने भगवान बुद्ध से जुड़े प्रमुख स्थलों, स्तूपों और संग्रहालय का अवलोकन किया। शिक्षकों ने बच्चों को बताया कि यहीं पर महात्मा बुद्ध ने अपना पहला उपदेश दिया था, जिससे यह स्थान बौद्ध धर्म के अनुयायियों के लिए अत्यंत पवित्र माना जाता है।
प्रधानाचार्य शिव कुमार सिंह ने कहा कि पीएम श्री योजना के तहत इस प्रकार के शैक्षिक भ्रमण विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में सहायक होते हैं। इससे बच्चों में जिज्ञासा, ऐतिहासिक समझ और सामाजिक ज्ञान का विस्तार होता है।
भ्रमण के दौरान बच्चों में उत्साह देखने लायक था। उन्होंने विभिन्न स्मारकों के बारे में जानकारी प्राप्त की और समूह में चर्चा भी की। विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि भविष्य में भी ऐसे शैक्षिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि छात्र-छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण और अनुभवात्मक शिक्षा मिल सके।
























