Monday, February 16

बलिया।प्राथमिक विद्यालय दत्तपुर के प्रभारी प्रधानाध्यापक शशिकान्त गौतम निलंबित, कूटरचित फोटो के गंभीर आरोप 

प्राथमिक विद्यालय दत्तपुर के प्रभारी प्रधानाध्यापक शशिकान्त गौतम निलंबित, कूटरचित फोटो के गंभीर आरोप 

 संजीव सिंह बलिया। शिक्षा क्षेत्र मनियर स्थित प्राथमिक विद्यालय दत्तपुर के प्रभारी प्रधानाध्यापक शशिकान्त गौतम को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। बीएसए मनीष कुमार सिंह ने विद्यालय भवन की रंगाई-पुताई आदि कार्यों के कूटरचित कम्प्यूटरीकृत फोटोग्राफ उपलब्ध कराने के आरोप में यह कार्रवाई की है।बीएसए ने बताया कि 13 जनवरी 2026 को मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में जिला टास्क फोर्स की बैठक में शशिकान्त गौतम द्वारा ये फर्जी फोटो प्रस्तुत किए गए थे। उन्होंने इसे कर्तव्य के प्रति घोर लापरवाही और वित्तीय अनियमितता करार देते हुए कहा कि यह उत्तर प्रदेश सरकारी सेवक (आचरण एवं अपील) नियमावली 1999 का स्पष्ट उल्लंघन है। निलंबन अवधि में शशिकान्त गौतम प्रावि गौरी शाहपुर से संबद्ध रहेंगे तथा उन्हें नियमानुसार अर्धवेतन पर जीवन निर्वाह भत्ता मिलेगा।प्रकरण की जांच के लिए खंड शिक्षा अधिकारी राम प्रताप सिंह को नामित किया गया है। बीएसए ने उन्हें निर्देश दिए हैं कि 15 दिनों के भीतर तथ्यपरक जांच रिपोर्ट, आरोप पत्र और अभिकथन सहित रिपोर्ट प्रस्तुत करें।बीएसए मनीष कुमार सिंह ने सभी प्रधानाध्यापकों और एसएमसी सदस्यों को चेतावनी दी है कि विद्यालय भवनों की रंगाई-पुताई, खेलकूद सामग्री आदि कार्यों में कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने बच्चों के हित में जागरूक रहने और कर्तव्यनिष्ठा बरतने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *