डीएम की अध्यक्षता में बेसिक शिक्षा विभाग के कार्यों एवं एवं योजनाओं की समीक्षा बैठक सम्पन्न
बैठक में डायट प्रिंसिपल के अनुपस्थित होने पर जिलाधिकारी ने किया स्पष्टीकरण तलब
शाहजहांपुर। योगेंद्र यादव
जनपद के जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में बेसिक शिक्षा विभाग के कार्यों एवं एवं योजनाओं की समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट के बिस्मिल सभागार में आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने निपुण परीक्षा की समीक्षा करते हुए सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए कि निपुण परीक्षा में बच्चों की उपस्थिति शत-प्रतिशत अनिवार्य होना सुनिश्चित किया जाए। ऑपरेशन कायाकल्प के अंतर्गत सभी विद्यालयों में दिव्यांगजन, बालक/बालिका शौचालय, मूत्रालय, टायलीकरण, रसोईघर एवं बाउंड्री वॉल सहित सहित अन्य संबंधित अपूर्ण पैरामीटर को जल्द से जल्द पूर्ण कराया जाए। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जर्जर भवनों की ध्वस्तीकरण एवं नीलामी का कार्य जल्द पूर्ण किया जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि ऐसे जर्जर भवनों में पढ़ाई ना हो। 
बैठक में डायट प्रिंसिपल के अनुपस्थित होने पर जिलाधिकारी ने स्पष्टीकरण के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए कि विद्यालय में पुस्तकों का वितरण शत-प्रतिशत होना चाहिए, अन्यथा वितरण न होने पर संबंधित खंड शिक्षा अधिकारी एवं प्रधानाचार्य के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। अपार आईडी बनने हेतु सबसे ज्यादा जलालाबाद, कलान एवं सदर में पेंडिंग होने पर जिलाधिकारी ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए कि खंड शिक्षा अधिकारियों को लक्ष्य निर्धारित कर अगली बैठक तक बनवाना सुनिश्चित कराएं। जिलाधिकारी ने कहा कि विद्यालयों में फल वितरण एवं न्यूट्रिशन पर विशेष ध्यान रखा जाए।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी डॉ अपराजिता सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक हरिवंश कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी दिव्या गुप्ता सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
























