आदर्श ग्राम पंचायत भटपुरा रसूलपुर बनी विकास की मिसाल ।
शाहजहांपुर। जनपद की मॉडल ग्राम पंचायत भटपुरा रसूलपुर ने विकास के क्षेत्र में नई पहचान बनाई है। कभी कीचड़ और अव्यवस्था से जूझने वाली यह पंचायत ग्राम प्रधान अनिल गुप्ता के नेतृत्व में आज प्रदेश की टॉप फाइव ग्राम पंचायतों में शामिल हो चुकी है। ग्राम के सभी 56 मार्गों का निर्माण रंगीन इंटरलॉकिंग से कराया गया है, जिनका नामकरण पंडित राम प्रसाद बिस्मिल, अशफाक उल्ला खां, महात्मा गांधी, डॉ. अंबेडकर सहित महान विभूतियों के नाम पर किया गया है। सभी मार्गों के किनारे नालियां व सिल्ट कैचर गड्ढे बनाए गए हैं। चारों दिशाओं से प्रवेश पर भव्य स्वागत द्वार बनाए गए हैं। युवाओं के लिए खेल मैदान व ओपन जिम, शिक्षा के लिए विद्यालय, जल संरक्षण हेतु 26 तालाब, हरियाली के लिए लाखों पौधों का रोपण किया गया हैं। ग्राम में कचरा प्रबंधन, अन्नपूर्णा भवन, पंचायत भवन, स्वास्थ्य केंद्र व कल्याण उत्सव भवन जैसी सुविधाएं इसे आदर्श ग्राम का स्वरूप देती हैं।

