Monday, February 16

जौनपुर।विपक्ष SIR को लेकर फैला रहा भ्रम, भाजपा बोली—पात्र मतदाता का नाम सूची से न कटे : भूपेंद्र सिंह चौधरी

विपक्ष SIR को लेकर फैला रहा भ्रम, भाजपा बोली—पात्र मतदाता का नाम सूची से न कटे : भूपेंद्र सिंह चौधरी

जौनपुर। भाजपा कार्यालय में शुक्रवार को SIR अभियान की समीक्षा बैठक हुई, जिसकी अध्यक्षता जिला अध्यक्ष अजीत प्रजापति ने की। बैठक में मुख्य अतिथि प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कहा कि पार्टी का संकल्प है कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से न कटे और किसी अपात्र का नाम न जुड़े। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष SIR अभियान को लेकर जनता में अनावश्यक भ्रम फैला रहा है।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पहले मतदाता सूचियों में कई त्रुटियां रहती थीं, जिन्हें ठीक करने के लिए भाजपा गंभीरता से काम कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे बीएलओ के साथ मिलकर फॉर्म भरने का काम तेजी से पूरा करें, ताकि मतदाता सूची शुद्ध और सटीक बन सके। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का शुद्धिकरण लोकतंत्र की मजबूती के लिए जरूरी है, लेकिन विपक्ष इसे लेकर नकारात्मकता फैला रहा है।

क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप पटेल ने कहा कि कार्यकर्ता घर-घर जाकर मृत व्यक्तियों के नाम हटाने और नए पात्र मतदाताओं के नाम जुड़वाने में लोगों की मदद करें। उन्होंने प्रशासन के साथ तालमेल बनाकर अभियान को तेज करने की सलाह दी। जिला अध्यक्ष अजीत प्रजापति ने कहा कि विपक्ष शुरू से ही SIR अभियान को लेकर भ्रम फैला रहा है, जबकि यह राष्ट्रहित का कार्य है जिसमें सभी दलों को सहयोग करना चाहिए।

मछलीशहर जिला अध्यक्ष अजय सिंह ने कहा कि सही और शुद्ध मतदाता सूची ही लोकतंत्र की नींव को मजबूत करती है और कार्यकर्ताओं से अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री सुनील तिवारी ने किया। बैठक में केपी सिंह, अशोक चौरसिया, विधायक रमेश मिश्र, हरिश्चंद्र सिंह, पीयूष गुप्ता समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *