तीसरी बेटी से नाराज़ पिता ने डेढ़ साल की मासूम को गोमती में फेंका, पुलिस ने किया गिरफ्तार
केराकत (जौनपुर)।
केराकत क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। खर्गसेनपुर गांव के रहने वाले अशोक कुमार विश्वकर्मा ने अपनी डेढ़ साल की बेटी रूबी को गोमती नदी में फेंक दिया। बताया जा रहा है कि लगातार तीन बेटियां होने से वह परेशान रहता था। बुधवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे वह रूबी को टहलाने के बहाने घर से निकला और पड़ोसी गांव टड़वा के पास नदी किनारे ले जाकर उसे पानी में बहा दिया।
घटना को नदी पार बैठे कुछ मल्लाहों ने अपनी आंखों से देखा। उन्होंने शोर मचाते हुए बेटी को बचाने की कोशिश की और नदी में कूद भी गए, लेकिन घटना स्थल दूर होने और पानी का बहाव तेज होने के कारण वे बच्ची को नहीं बचा सके। देखते ही देखते मासूम पानी में लापता हो गई। खबर गांव में फैलते ही लोगों में सनसनी मच गई।
सूचना मिलते ही थानागद्दी पुलिस मौके पर पहुंची और पिता अशोक को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद सीओ अजीत रजक और कोतवाल दिपेन्द्र सिंह भी मौके पर पहुंचे। मछुआरों की मदद से नदी में बच्ची की तलाश देर शाम तक जारी रही, लेकिन खबर लिखे जाने तक शव बरामद नहीं हो सका था।
अशोक की पत्नी संजू ने पुलिस को बताया कि तीसरी बेटी पैदा होने के बाद से ही अशोक घर में झगड़ा करता था और बेटे की चाहत में परेशान रहता था। अशोक मुंबई में रहकर मजदूरी करता है, जबकि उसकी पत्नी और बेटियां गांव में रहती हैं। उसकी दो बड़ी बेटियां आकांक्षा (18) और सृष्टि (13) हैं। घटना से पूरा गांव स्तब्ध है। पुलिस ने बताया कि मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

