नगरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 700 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद, एक गिरफ्तार ।
संजीव सिंह बलिया/नगरा।नगरा पुलिस ने अवैध देशी शराब के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए बुधवार की रात 700 लीटर अपमिश्रित कच्ची शराब के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के पास से भारी मात्रा में शराब बनाने की सामग्री भी बरामद की है।थाना क्षेत्र के चचयां गांव में अवैध रूप से कच्ची शराब बनाकर बेचने की सूचना पर पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना के आधार पर छापेमारी की। मौके से मनोज गुप्ता पुत्र मुन्नीलाल गुप्ता निवासी चचयां को हिरासत में लिया गया। तलाशी में पुलिस को दो-दो सौ लीटर के चार प्लास्टिक के ड्रम, पांच प्लास्टिक के जरीकेन में करीब सात सौ लीटर कच्ची शराब, तीन किलोग्राम यूरिया, चालीस किलोग्राम नौशादर, बीस किलोग्राम फिटकरी, दस किलोग्राम नमक सहित बड़ी मात्रा में शराब बनाने के उपकरण बरामद हुए।पुलिस ने मौके पर जमीन में गड़े लगभग चार हजार लीटर लहन को भी नष्ट कराया। बरामद सामग्री में नौ तसला, दो बटुआ, नौ स्टील ड्रम, एक फावड़ा, तीन सिलेंडर मय चूल्हा, दस खाली ड्रम तथा एक मोटरसाइकिल शामिल है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर थाने लाकर आबकारी अधिनियम एवं बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया और गुरुवार अपराह्न न्यायालय चालान कर दिया। बरामद मोटरसाइकिल को पुलिस ने सीज कर दिया है।

