जनपद के अन्तर्गत प्रत्येक विधान सभा में भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में SIR कार्यक्रम के अन्तर्गत बीएलओ द्वारा गणना प्रपत्र का विवरण प्रारम्भ किया गया।
लखनऊ।विधान सभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम के सुचारु एवं सफल क्रियान्वयन हेतु आज जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी विशाख जी0 द्वारा विभिन्न क्षेत्रों का विस्तृत निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण में उन्होंने सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या 19, 20 व 100 का निरीक्षण किया। बूथ संख्या 19 में बीएलओ राजेश चंद्र राव, बूथ संख्या 20 सरोसा भरोसा सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र में बीएलओ सरला उपस्थित मिले। इसके साथ ही बूथ संख्या 100 सेक्टर जी एलडीए कॉलोनी आशियाना पर बीएलओ गंगाराम उपस्थित मिले।
निरीक्षण के दौरान बीएलओ द्वारा मतदाताओं को गणना प्रपत्र उपलब्ध कराए जाने की स्थिति का अवलोकन किया गया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्थल पर मौजूद बीएलओ से विस्तारपूर्वक जानकारी प्राप्त की। उन्होंने यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि प्रत्येक मतदाता तक गणना प्रपत्र समयबद्ध रूप से पहुँचे, साथ ही प्रत्येक प्रपत्र को निर्धारित समय सीमा के अन्दर (दिनांक 04.12.2025 से पूर्व) भरकर संकलित किया जाना सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने विभिन्न स्थलों पर मतदाताओं से संवाद भी किया तथा उनसे प्राप्त फीडबैक के आधार पर बीएलओ को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्वाचन संबंधी कार्यों में किसी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण के कार्य को उच्च गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता के साथ पूर्ण कराया जाए।
























