Monday, February 16

बलिया।राजदरबार में प्रभु श्रीराम का हुआ राजतिलक

राजदरबार में प्रभु श्रीराम का हुआ राजतिलक।

आचार्य ओमप्रकाश वर्मा 

बलिया/नगरा। प्राचीन आदर्श रामलीला समिति, पुरानी दुर्गा मंदिर के तत्वावधान में मंगलवार की रात शिव मंदिर पाठक टोली में प्रभु श्रीराम के राजतिलक समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर नगर सहित आसपास के क्षेत्रों से श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। पूरा वातावरण “जय श्रीराम” और “सीता राम” के जयघोष से गूंज उठा।

राजतिलक मंचन का आरंभ विधिवत मंत्रोच्चार एवं दीप प्रज्ज्वलन से किया गया। मंच पर प्रभु श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण, भरत एवं शत्रुघ्न की मनमोहक झांकियां प्रस्तुत की गईं, जिन्हें देखकर दर्शक भावविभोर हो उठे। कलाकारों ने मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के राज्याभिषेक प्रसंग का इतना जीवंत और भावनात्मक मंचन किया कि पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।

समारोह के दौरान पुष्पवर्षा कर श्रद्धालुओं ने प्रभु श्रीराम का स्वागत किया। रामराज्य स्थापना के इस पावन प्रसंग पर नगर में दीपों की ज्योति से उजाला फैल गया। आयोजन स्थल को फूलमालाओं और रंगीन झालरों से सजाया गया था।

कार्यक्रम में दिव्यांश पाठक, कौशल पाठक, पुरुषोत्तम पाठक, गोपाल जी, विनोद, प्रमोद पाठक, ब्रह्मदेव पांडे, ओम नारायण पांडे, गणपति, मुन्ना, अशोक सिंह, अच्छे लाल शर्मा, अंशु श्रीवास्तव, रामसनेही, बाबूलाल शर्मा और रितेश चौरसिया, राजकुमार सहित अनेक लोगों ने सक्रिय भूमिका निभाई।

कार्यक्रम का संचालन सभासद डॉ. संजय सिंह ने कुशलतापूर्वक किया।समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि यह राजतिलक प्रसंग रामलीला के समापन का प्रतीक है, जो हर वर्ष श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाता है।कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथियों द्वारा प्रभु श्रीराम की आरती कर नगर की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की गई।अंत में श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरण किया गया और उपस्थित सभी लोगों ने एक स्वर में “जय श्रीराम” का उद्घोष करते हुए इस भव्य आयोजन की सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *