हथिया नक्षत्र ने दिखाऐ तेवर 24 घंटे से मूसलाधार बारिश
आचार्य ओमप्रकाश वर्मा
नगरा(बलिया)। पिछले 24 घंटों से हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। शुक्रवार शाम चार बजे से शुरू हुई यह बारिश शनिवार को भी जारी रही, जिससे क्षेत्र में कई स्थानों पर जलभराव हो गया और सड़क पर पेड़ गिरने से आवागमन बाधित हो गया।
भारी बारिश के कारण जनता इंटर कॉलेज में पानी भर गया है। इसके चलते कॉलेज में चल रहे रामलीला मंचन को स्थगित कर दिया गया है और अयोध्या से आई रामलीला मंडली वापस लौटने की तैयारी में है। खेतों में पानी भर जाने से धान की बालियां वाली फसलें गिरने की आशंका है, जिससे किसान चिंतित हैं। कुछ किसानों के धान को नुकसान पहुंचा है, वहीं हरी सब्जियों को भी भारी क्षति होने की संभावना जताई जा रही है। किसान रामबिलास यादव, संजीव गिरी, नरेश यादव और पृथ्वीपाल सिंह ने बारिश जारी रहने पर बड़े नुकसान की आशंका व्यक्त की है। किसान ईश्वर से बारिश बंद होने की प्रार्थना कर रहे हैं। किसानो का कहना है कि हथिया नक्षत्र यदि इसी तरह अपना तेवर दिखाया तो किसान बर्बाद हो जाएंगे। तेज हवा एवं बारिश से नगरा-बेल्थरा रोड मार्ग पर एक विशाल पेड़ गिरने से आवागमन ठप हो गया था। नगर पंचायत कर्मियों ने जेसीबी की मदद से समय रहते पेड़ को हटाकर यातायात बहाल किया।
बारिश के कारण बाजार आए लोगों में अफरा-तफरी मच गई और वे जल्दी घर लौट गए। खिलौने, खाद्य पदार्थ बेचने वाले और झूला लगाने वाले छोटे कारोबारियों के चेहरे पर मायूसी छा गई है। कई स्थानों पर सड़कों के किनारे भी पानी भर गया है। सरकारी और निजी स्कूलों में भी छुट्टी घोषित कर दी गई है।

