हैदराबाद गांव में घर में घुसा घड़ियाल मचा हड़कंप, वन विभाग की टीम ने किया रेस्क्यू, ग्रामीणों की जुटी रही भीड़
आजमगढ़। जनपद के रौनापार थाना क्षेत्र के हैदराबाद गांव में एक व्यक्ति के घर में घड़ियाल घुसने का वीडियो सामने आया है । यह वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल होना शुरू हो गया है । वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि घड़ियाल को काफी मशक्कत से लोग पकड़ने का प्रयास कर रहे हैं । घड़ियाल को देखने के लिए मौके पर लोगों की भीड़ जुटी रही ।और यह कौतूहल का विषय बना रहा । जानकारी के अनुसार बताया जा रहा है कि महुला गढ़वल बांध के दक्षिण तरफ स्थित हैदराबाद गांव निवासी सहेंद्र पुत्र गुल्लू के घर में मंगलवार रात करीब 10:00 बजे एक घड़ियाल अचानक घुस गया ।
जिससे परिवार जनों में हड़कंप भड़कम मच गया।परिवार के सदस्य बड़े ही सावधानी पूर्वक किसी तरह घर से बाहर निकले । इसकी सूचना आस पास के लोगो को दी। मौके पर लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई । ग्रामीणों द्वारा इसकी सूचना वन विभाग की टीम को दी गई सूचना पाकर मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद घड़ियाल को रेस्क्यू कर पकड़ लिया और अपने साथ ले गए । गनीमत की बात रही की घड़ियाल से किसी को कोई हानि नहीं पहुंची है। यह घड़ियाल कहां से आ गया इसकी जानकारी कोई नहीं बता पा रहा है । लोगों द्वारा आशंका जताई जा रही है की बाढ़ क्षेत्र होने के चलते हो सकता है यह घड़ियाल नदी क्षेत्र से आकर घर में घुस गया ।























