बलिया विधान परिषद चुनाव: 23 अक्टूबर को मतदान, पात्र कर्मचारियों को विशेष आकस्मिक अवकाश
संजीव सिंह बलिया। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के वाराणसी खंड स्नातक एवं खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 के अंतर्गत 23 अक्टूबर 2026 (शुक्रवार) को मतदान संपन्न होगा। इस दिन मतदान में भाग लेने के लिए पात्र कर्मचारियों को विशेष आकस्मिक अवकाश की सुविधा दी जाएगी।
बलिया जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा घोषित कार्यक्रम के अनुसार जनपद में आयोग से अनुमोदित मतदेय स्थलों पर 23 अक्टूबर को मतदान कराया जाएगा। विधान परिषद के खंड स्नातक की पांच एवं खंड शिक्षक की छह सीटों के लिए इसी दिन प्रदेशभर में मतदान होना है।
उन्होंने बताया कि सामान्य प्रशासन विभाग, उत्तर प्रदेश शासन की विज्ञप्ति के अनुसार ऐसे राज्य कर्मचारियों को विशेष आकस्मिक अवकाश अनुमन्य किया गया है, जो विश्वविद्यालय से स्नातक हैं और स्नातक अथवा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों से होने वाले राज्य विधान परिषद चुनावों के लिए बोनाफाइड मतदाता हैं।
इस व्यवस्था का उद्देश्य पात्र कर्मचारियों को मतदान दिवस पर बिना व्यवधान अपने मताधिकार का प्रयोग करने की सुविधा प्रदान करना है। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागाध्यक्षों एवं कार्यालयाध्यक्षों को निर्देश दिया है कि शासन के आदेश का अनुपालन सुनिश्चित करते हुए पात्र कर्मचारियों को 23 अक्टूबर को विशेष आकस्मिक अवकाश उपलब्ध कराएं।
वाराणसी खंड स्नातक एवं खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के मतदाता 23 अक्टूबर को अपने संबंधित मतदेय स्थलों पर पहुंचकर अपना मतदान कर सकेंगे।
























