बलिया।शिव धनुष भंग के बाद परशुराम-लक्ष्मण संवाद और चारों भाइयों के विवाह का मंचन बना आकर्षण

शिव धनुष भंग के बाद परशुराम-लक्ष्मण संवाद और चारों भाइयों के विवाह का मंचन बना आकर्षण

  रामेश्वर प्रजापति नगरा (बलिया)। सार्वजनिक रामलीला समिति, नगरा के तत्वावधान में जनता इंटर कॉलेज के प्रांगण में आयोजित रामलीला में परशुराम-लक्ष्मण संवाद तथा भगवान श्रीराम और माता सीता सहित चारों भाइयों के विवाह का भव्य मंचन किया गया। कलाकारों की सजीव प्रस्तुति ने उपस्थित दर्शकों को भावविभोर कर दिया।

कार्यक्रम में श्रीनाथ हॉस्पिटल, नगरा के डायरेक्टर डॉ. राकेश सिंह, समाजसेवी संतोष सिंह तथा योगेश्वर सिंह के छोटे भाई कामेश्वर सिंह अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने संयुक्त रूप से प्रभु श्रीराम की आरती उतारी और आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर समिति के सदस्यों ने अतिथियों का माल्यार्पण कर अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।

मंचन के दौरान शिव धनुष भंग होने के बाद भगवान परशुराम और लक्ष्मण के बीच हुए ओजपूर्ण संवाद ने दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। इसके बाद श्रीराम-सीता विवाह के साथ भरत-मांडवी, लक्ष्मण-उर्मिला और शत्रुघ्न-श्रुतकीर्ति के विवाह का मनोहारी दृश्य प्रस्तुत किया गया। विवाह प्रसंग के दौरान रामलीला परिसर जय श्रीराम के जयघोष से गूंज उठा।

इस अवसर पर निर्भय प्रकाश, राजेश गुप्ता, रिंकू गुप्ता, केपी यादव, रामायण ठाकुर, मनु मद्धेशिया, मुन्ना गणपति और राजू चौहान सहित रामलीला समिति के सदस्य एवं अन्य श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *